हरदोई। मौसम में बदलाव होने का असर बिजली की मांग पर भी पड़ा है। पिछले 24 घंटे में 74 मेगावाट की खपत कम हुई है। रविवार को 398 मेगावाट की खपत हुई थी। उमस भरी गर्मी के कारण जिले में बिजली की मांग 447 मेगावाट तक पहुंच गई थी। बिजली की मांग कम होने से उपभोक्ताओं को लोकल फॉल्ट से निजात मिलेगी।
जिले में छह लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। आम दिनों में जनपद में बिजली की खपत 300 से 325 मेगावाट के आसपास रहती है। इससे बिजली उपकरण के ओवरलोड न होने से लोकल फॉल्ट भी न के बराबर रहते हैं मगर इस सीजन में गर्मी व उमस के कारण बिजली की मांग ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। विगत वर्ष के 420 मेगावाट के रिकॉर्ड को पार कर 447 मेगावाट तक खपत पहुंच गई थी। इससे ओवरलोडिंग के कारण उपकरण जवाब दे रहे थे और लोकल फॉल्टों में भारी इजाफा हो गया था। खपत के कारण करंट कम होने से लो वोल्टेज की भी समस्या आ रही थी।
इस प्रकार हुई बिजली की खपत
तिथि- बिजली की मांग
17 जुलाई-447 मेगावाट
18 जुलाई -422 मेगावाट
19 जुलाई -398 मेगावाट
20 जुलाई - 324 मेगावाट
बिजली की खपत लगातार बढ़ रही थी। मौसम में परिवर्तन होने से तापमान कम हुआ है। इससे बिजली की मांग में अंतर आया है। बारिश होने से अर्थिंग भी सही हुई हैं, इससे करंट भी बेहतर हुआ है। इससे वोल्टेज की समस्या भी समाप्त होगी। -मो. सउद, अधीक्षण अभियंता, पारेषण खंड