हरदोई। हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने सूचना पर शनिवार को नुर्रापुरवा में एक खेत में झोपड़ी में दबिश देकर असलहा फैक्टरी पकड़ी। यहां से जोतपुरवा निवासी वकील खां और सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया। मौके से तीन तमंचे, दो अधबने तमंचे बरामद हुए हैं।
लोकसभा चुनाव में शांति व्यवस्था को चुनौती देने की तैयारी पूरे जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में मजबूती से की गई है। एसपी केसी गोस्वामी ने अवैध शस्त्र बनाकर बेचने वालों की धरपकड़ शुरू की है। महज 26 दिनों में जनपद में 47 अवैध शस्त्र बरामद हो चुके हैं। इसके साथ ही नौ अधबने तमंचे भी पुलिस ने बरामद किए हैं। ।
जनपद में लोकसभा चुनाव चौथे चरण में यानी 13 मई को होना है। आम तौर पर ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं को डराने धमकाने के साथ ही अशांति फैलाने की मंशा से अवैध शस्त्रों को बनाने व बिक्री बढ़ जाती है। एसपी केसी गोस्वामी ने हाल ही में कोतवाली और थाना प्रभारियों को दो टूक बता दिया था कि किसी भी हाल में अवैध शस्त्र न तो कहीं बनने चाहिए और न ही बिकने चाहिए।
सख्ती का असर रहा कि आठ अप्रैल से शुक्रवार तक जिले के नौ अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 47 अवैध शस्त्र और नौ अधबने अवैध शस्त्र बरामद हो चुके हैं। इस दौरान 18 लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही बड़े पैमाने पर कारतूस और अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं।
एसपी ने बताया कि अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर किसी को यह समझ लेना चाहिए कि गुंडई की तो ठीक नहीं होगा। जेल भेजने में देर नहीं करेंगे और कोई बचा भी नहीं पाएगा। किसी की समस्या है तो उसके निवारण के लिए पुलिस तत्पर है, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं।