कछौना। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। कुछ ही देर में महिला की शिनाख्त उसके पिता ने की। महिला घरेलू कलह के कारण बीती 25 अप्रैल से मायके में रह रही थी।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के झब्बूखेड़ा निवासी हरीराम ने अपनी बेटी पिंकी (25) की शादी संडीला कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर निवासी सुरेंद्र कुमार से पांच साल पहले की थी। सुरेंद्र दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता है। हरीराम के मुताबिक 25 अप्रैल को घरेलू विवाद के कारण पिंकी अपने तीन साल के पुत्र यश के साथ मायके आ गई थी।
शनिवार सुबह शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिला। युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी की है। इस पर हरीराम मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संडीला रेलवे स्टेशन पर डाउन लाइन पर सियालदह एक्सप्रेस में चढ़ते समय पैर फिसलकर गिर जाने से एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। जीआरपी प्रभारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि फिलहाल शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में संपर्क किया जा रहा है।