हरदोई। बेहटा गोकुल पुलिस ने अंटा तिराहे पर एक मकान में संचालित अवैध असलहा फैक्टरी पकड़ी। असलहा फैक्टरी से भारी संख्या में निर्मित और अर्द्धनिर्मित असलहे बरामद किए गए। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने असलहा फैक्टरी का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज दिया। एसपी ने बताया कि विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस सतर्क है।
बताया कि एएसपी पश्चिमी दुर्गेश सिंह के नेतृत्व में बेहटागोकुल पुलिस ने अंटा तिराहे पर संचालित एक असलहा फैक्टरी पर छापा डाला। जहां से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में तीनों ने अपने नाम विजय व बृजेश निवासी ठेहापुर थाना लोनार और हरिवंश निवासी बिजगवां थाना बेहटागोकुल बताया। बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर मकान से एक देसी बंदूक, 12 बने तमंचे, एक अर्द्धनिर्मित तमंचा, सात कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
एसपी ने बताया कि आरोपी विजय गैंगस्टर है। उसके ऊपर लोनार व बेहटागोकुल में पांच मामले दर्ज हैं, जबकि उक्त दोनों के खिलाफ भी पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी असलहे बनाकर आसपास के जनपदों और गांवों में सप्लाई कर थे। एसपी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।