जिले के नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हेमंत राव ने बुधवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक की।
उन्होंने
विभागवार राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कम राजस्व वसूलने वाले विभागों
से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्हाेंने समग्र ग्राम विकास योजना से चयनित
गांवों में अवशेष कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने
विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति भी जांची।
बैठक में हेमंत
राव ने बजट और राजस्व वसूली पर जोर दिया। राजस्व वसूली में वाणिज्य कर की
84 प्रतिशत, आबकारी की 92 प्रतिशत, परिवहन की 86 प्रतिशत तथा विद्युत विभाग
की 95 प्रतिशत राजस्व वसूली पाई गई।
प्रमुख सचिव ने एक्सईएन
विद्युत को लाइन लॉस कम कर 15 प्रतिशत तक लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कम
राजस्व वसूली करने वाले विभागों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए राइट अप
प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
समग्र ग्राम विकास योजना से वित्तीय
वर्ष 2014-15 में चयनित गांव में चार में काम नहीं पाया गया। एक्सईएन
पीडब्लूडी ने धनराशि न मिलने की बात कही। उन्होंने अधूरे आंगनबाड़ी
केंद्रों को पूरा कराने, विद्युतीकरण कार्य पूरा कराने को कहा।
राष्ट्रीय
ग्रामीण आजीविका मिशन योजना की समीक्षा में पता चला कि 40 ग्रामों में 32
ग्रामों को संतृप्त किया गया है। जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना की समीक्षा में
वित्तीय वर्ष 2013-14 एवं 2014-15 के 38 ग्रामों में कार्य पूरा होने की
जानकारी दी गई। वर्ष 2015-16 में नौ ग्राम अनुमोदित हुए हैं।
प्रमुख
सचिव ने कृषि विभाग, स्वच्छ शौचालय, पेंशन योजना, श्रमिक पंजीकरण योजना,
कौशल विकास मिशन की समीक्षा, टीकाकरण की समीक्षा तथा कार्यदायी संस्थाओं को
निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जिलाधिकारी
रमेश मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्सा
अधिकारी डा. वीके गुप्ता, जिला विकास अधिकारी उग्रसेन सिंह यादव सहित कई
अधिकारी मौजूद रहे।