सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में खराब रैंक व गैरहाजिरी पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की। आवास विकास के अधिशासी अभियंता और दुग्ध निरीक्षक से खराब रैंक और बैठक में गैरहाजिरी पर नाराजगी जाहिर की। एक दिन का वेतन काटने के निर्देश और जवाब-तलब किया है।
स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने सीएम डैशबोर्ड की विभाग वार स्थिति की जानकारी ली। कहा कि विभागीय योजनाओं में समय सीमा और लक्ष्य का ध्यान रखा जाए। डाटा फीडिंग विभागीय पोर्टल पर समय से कराई जाए। कहा कि लगातार डी व ई श्रेणी वाले विभागों के अधिकारियों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
आवास विकास के अधिशासी अभियंता नागेंद्र कुमार और दुग्ध निरीक्षक की गैरहाजिरी को गंभीरता से लिया। कहा कि आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। डीएम ने राष्ट्रीय बचत के संबंध में अधिकारियों से कहा कि लक्ष्य पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए।
लोगों को आकर्षक बचत योजनाओं की जानकारी दी जाए। सरकारी विभागों से सहयोग लिया जाए। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा में डीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे का काम जल्द पूरा कराया जाए। सर्वे में लापरवाही न की जाए। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, एडीएम प्रियंका सिंह, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश, श्रम रोजगार उपायुक्त आरपी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) शैलेंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
एक जनवरी से किसी भी विभाग की फाइल ऑफलाइन नहीं ली जाएगी
डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को ई-ऑफिस के संबंध में कहा कि एक जनवरी 2025 से उनके कार्यालय में कोई और किसी भी विभाग की फाइल ऑफलाइन नहीं ली जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय में ई-ऑफिस और ई-फाइलिंग में तेजी लाएं। ई-फाइलिंग से जुड़े सभी अधिकारी अपने डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट बनवाना सुनिश्चित करें। प्रतिदिन ई-फाइलिंग की समीक्षा की जाएगी। (संवाद)