हरदोई। माधौगंज विकास खंड में तैनात ग्राम सचिव के भाई की फर्म को क्षेत्र पंचायत से भुगतान किए जाने के मामले में शासन ने एक और संयुक्त खंड विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया है। वह इस समय आजमगढ़ जनपद में तैनात हैं। उन्हें संयुक्त विकास आयुक्त आजमगढ़ के कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। पूरे खेल का खुलासा अमर उजाला ने ही किया था।
माधौगंज ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत सचिव ब्रजेंद्र पाल सिंह के भाई सतेंद्र कुमार की फर्म नव भारत कंस्ट्रक्शन को क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत से कार्य आवंटित कर भुगतान भी कर दिया गया था। यह ग्राम्य विकास विभाग के शासनादेश के विपरीत था। इसका खुलासा 29 सितंबर 2023 के अंक में अमर उजाला ने किया था। प्राथमिक जांच में 50 लाख रुपये का भुगतान किए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन खबर का संज्ञान लेकर जब डीएम ने विस्तृत जांच कराई तो लगभग दो करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने की बात पता चली। इसके बाद डीएम ने ग्राम सचिव, उनके भाई, तत्कालीन लेखाकार समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज करा दी थी। मामले में उन दिनोंं खंड विकास अधिकारी का प्रभार संभाल रहे दो संयुक्त खंड विकास अधिकारी भी लपेटे में आ गए थे। इनमें से एक संजय दोहरे को बीती 16 फरवरी को शासन ने निलंबित कर दिया था। अब शासन ने उनसे पहले बीडीओ का प्रभार संभालते रहे संयुक्त खंड विकास अधिकारी रमेश कुमार को भी निलंबित कर दिया है। ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
डीएम ने फिर दिया संदेश...खेल करने वालों को छोड़ेंगे नहीं
शासनादेश का उल्लंघन करने के साथ ही जान बूझकर वित्तीय अनियमितताएं करने वालों के खिलाफ डीएम एमपी सिंह सख्त रुख अपनाए हुए हैं। पूरे मामले पर डीएम ने कहा कि धोखे से या नासमझी से कोई गलती हो जाए तो बात समझ में आती है, लेकिन नियोजित तरीके से खेल करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा।