फोटो-24- कलावती। स्रोतः परिजन
- आरोपियों के घर में था मुंडन समारोह, नाच-गाने में रुपये उड़ाने लगा था मृतका का पुत्र
- पिता-पुत्र समेत चारों आरोपी हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के रामधाम गांव में शनिवार रात मुंडन समारोह में नाच-गाने के दौरान रुपये उड़ाने पर चार लोगों ने युवक को पीट दिया। उलाहना देने गई युवक की मां को आरोपियों ने लाठी से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
लोधी के मजरा रामधाम निवासी किंदरलाल के पोते का मुंडन शुक्रवार को था। रात में यहां दावत भी थी। यहां ढोल मजीरा के साथ कुछ लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान उधर से गुजर रहा गांव का रामसेवक (48) कार्यक्रम देखने के लिए रुक गया। कार्यक्रम में किंदरलाल, उसका पुत्र भजन, भतीजे गुड्डू और कल्लू भी नाचने लगे और रुपये उड़ाने लगे।
इस पर रामसेवक भी जेब से रुपये निकालकर उड़ाने लगा। इस पर किंदरलाल, भजन, गुड़्डू और कल्लू ने आपत्ति जताई और राम सेवक से जाने को कहा। राम सेवक वहीं खड़ा रहा। इस पर आरोपियों ने उसे पीट दिया। घर पहुंचकर राम सेवक ने यह बात अपनी मां कलावती (75) को बताई। घटना से आहत कलावती उलाहना देने किंदरलाल के यहां जा रही थी।
रास्ते में ही पंचायत घर के पास चारों आरोपी मिल गए। कलावती की कहासुनी हुई, तो चारों आरोपियों ने उसे लाठी-डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी कछौना ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ बघौली प्रवीण यादव ने बताया कि मृतका के पुत्र राम सेवक की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चारों को हिरासत में लिया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने को तीन और लोग भी हिरासत में लिए गए हैं।