हरदोई। 28 साल पहले हुए खूनी संघर्ष में सिविल जज जूनियर डिवीजन (एफटीसी) विशाल दीक्षित ने एक शख्स को दोषी करार दिया है। अभियुक्त को शारीरिक चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी की धाराओं में तीन साल की सजा दी गई है। 3500 रुपये का जुर्माना भी सुनाया गया है। सुनवाई के दौरान दो आरोपियों की मौत हो चुकी है।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के बूटामऊ निवासी शिवकुमार ने आठ जून 1998 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि गांव के सुंदरलाल, अपने पुत्र नन्हे और वीरपाल के साथ गर्रा नदी के किनारे खेत की मिट्टी उठा रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। बचाने पहुंचे शिवकुमार के पुत्र अशोक को भी पीटा था।
मेडिकल रिपोर्ट में सात चोटों की पुष्टि हुई थी और सिर की हड्डी टूटने की बात सामने आई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर पांच दिसंबर 1998 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। 22 जनवरी 2002 को आरोप तय हुए थे। इसके बाद सुनवाई के दौरान सुंदरलाल और नन्हें की मौत हो गई। अभियोजन पक्ष ने छह गवाह और सात दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली पर मौजूद सबूतों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने वीरपाल को दोषी ठहराया।
अदालत ने यह की टिप्पणी
अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य अपराध समाज में भय का वातावरण पैदा करते हैं। अभियुक्त को परिवीक्षा का लाभ देना न्याय के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर करेगा।” कोर्ट ने यह भी माना कि घायल के सिर की हड्डी टूटना साधारण मारपीट नहीं बल्कि बेहद गंभीर हमला था।