जिले में पंचायत चुनाव के दौरान कहीं गड़बड़ी न हो, इसको लेकर गुरुवार को अफसरों ने प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का पाठ पढ़ाया।
कहा कि क्षेत्र में दंगा, हिंसा व सांप्रदायिक माहौल न हो, इसके लिए सभी को अलर्ट रहना होगा। कोई भी प्रत्याशी आचार संहिता का उल्लंघन न करे अन्यथा कार्रवाई होगी। उन्होने प्रत्याशियों की समस्याएं सुन उनका निराकरण भी कराया।
जिलाधिकारी रमेश मिश्रा ने कहा कि लोग आपसी भेदभाव भुलाकर प्रेम से रहें। चुनाव में इस बार जीतने वाले प्रधान जनता के पैसे को बर्बाद न करें। वह मिलने वाले बजट को ग्राम सभा पर खर्च कर विकास करें।
सभी प्रत्याशी संकल्प लें कि वह अपने-अपने गांव जाकर महिलाओं के साथ शाम को अपने घरों के सामने एक-एक दीप जलाए, जिससे गांव जगमगा उठे, जो गरीब महिलाएं हों, उनका सहयोग करें। इससे मल्लावां क्षेत्र की एक अलग तस्वीर उभरकर आएगी।
पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रधान पद के प्रत्याशी तीन लाख रुपये से पाबंद किए गए। सामान्य व्यक्ति एक लाख रुपये से पाबंद किया गया है। कहा कि यदि किसी ने चुनाव में गड़बड़ी की तो उन लोगों से जुर्माना वसूला जाएगा।
उप जिलाधिकारी पीपी तिवारी ने कहा कि पोस्टर बैनर छपवाने वाले प्रेस के मुद्रक प्रकाशन और प्रतियों की संख्या अवश्य छपवाएं। जिले से बाहर निवास करने वाले 24 घंटे पहले जिला छोड़ दें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें। कहा कि प्रत्याशी अपने बैनर खुद ही हटा लें नहीं तो शाम से चलने वाले अभियान में पोस्टर हटाकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्याशी को जुलूस व सभा करने की कोई जरूरत नहीं है। कहा कि चुनाव के 48 घंटे पहले से चुनाव प्रचार बंद कर देे। कहा कि बिना पहचान पत्र के मतदान नहीं होगा। इस मौके पर मल्लावां में त्रिलोकी सिंह, अशोक कुमार सिंह, रामचंद्र सरोज, मेवालाल, सुशील सिंह, अरुण कुमार, सुधांशु कुमार, वेदप्रकाश मौजूद रहे।