हरदोई। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस पर मंगलवार को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। ये संयोग ही है कल जेठ का आखिरी मंगलवार है। मंगलवार को जगह-जगह भंडारा और शर्बत बांटकर लोग पुण्य कमाते हैं, किंतु रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। आपका रक्त कई लोगों की जिंदगी बचाएगा इसलिए जिला अस्पताल के ब्लड बैंक आइए और पाक रमजान व बड़े मंगल पर महादानी बनने का पुण्य कमाइए।
रक्तदान के लिए अभी तक 50 से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। ये लोग मंगलवार को सुबह 10 बजे जिला अस्पताल के ब्लड बैंक वहां पहुंच जाएं। अगर आप रक्तदान के इच्छुक हैं लेकिन रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए हैं तो भी ब्लड बैंक पहुंचे। तुरंत रजिस्ट्रेशन कर आपको महादानी होने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
रक्तदान करने में एक व्यक्ति का मात्र पांच से 10 मिनट का समय खर्च होगा। शिविर 10 बजे से रक्तदान पूर्ण होने तक जारी रहेगा। अमर उजाला के साथ-साथ स्वास्थ्य प्रशासन के आला अधिकारियों, चिकित्सकों व बुद्धिजीवियों ने जिले भर के लोगों से आह्वान किया है कि आएं और गरीबों व जरूरतमंदों के लिए इस अच्छी पहल में शामिल हो। इसके अलावा अमर उजाला रक्तदान करने वालों को एक प्रशस्ति पत्र भी प्रदान करेगा।
जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन अकील अहमद का कहना है कि काफी संख्या में लोग जागरूकता दिखा रहे हैं। पंजीकरण भी हो चुके हैं। इच्छुक व्यक्ति मंगलवार को जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में पहुंचकर 10 बजे से रजिस्ट्रेशन कराकर रक्तदान कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अमर उजाला के मोबाइल नंबर 8859002957, 9451410009 पर संपर्क कर सकते हैं।