जांच समिति ने शाहाबाद बीडीओ से मांगे अभिलेख
संवाद समाचार एजेंसी
हरदोई। गांवों में विकास कार्यों और भुगतान में गड़बड़ी के तेजी से मामले उखड़ने लगे हैं। विकास खंड शाहाबाद की ग्राम पंचायत रामपुर हमजा में इंटरलाॅकिंग और डामर सड़क बनवाए जाने के नाम पर प्रधान पर रुपये हड़पने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की है।
रामपुर हमजा निवासी चंद्र प्रकाश आदि ने शिकायती पत्र देकर प्रधान पर काम और भुगतान में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सहायक अभियंता को जांच समिति में नामित किया है। जिला पंचायत के अपर मुख्य सचिव प्रदीप गुप्ता ने शाहाबाद के बीडीओ से रामपुर हमजा ग्राम पंचायत के अभिलेखों को पंचायत सचिव के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए कहा है। कहा है कि शिकायती पत्र में प्रधान पर चिमना में मुकेश यादव के तक आरसीसी, इंटरलॉकिंग लगवाए जाने के नाम पर 2,20,000 रुपये, फौजी के मकान से अशोक सिंह के मकान तक इंटरलॉकिंग और डामर सड़क का काम कराए बिना ही 5,67,000 रुपये निकाले गए हैं। ऐसे ही दिव्यांग आवास, कैटल शेड और केयर-टेकर के मानदेय भुगतान में गड़बड़ी की गई है।