- सवायजपुर विधायक की शिकायत पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ने दिए हैं जांच के आदेश
- प्रधानों ने बीडीओ पर लगाए हैं वसूली और अपमानित करने के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। विकास खंड बावन की बीडीओ पर लगाए गए वसूली और अपमानित किए जाने के आरोप की जांच रिपोर्ट शासन ने तलब की है। सवायजपुर विधायक के शिकायती पत्र पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ने जांच के आदेश दिए हैं। विधायक ने अकूत संपत्ति की विजिलेंस जांच की भी मांग की है।
सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बावन बीडीओ रचना गुप्ता पर प्रधानों पर दबाव बनाकर वसूली करने और अपमानित करने के आरोप लगाए हैं। शिकायती पत्र में कहा है कि ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारियों की शिकायत करके उच्चाधिकारियों से कार्रवाई कराती हैं।
बीडीओ ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं रहती हैं और कार्यालय अवधि के बाद हरदोई मुख्यालय पर अपने स्थायी आवास पर प्रधानों को बुलाकर धन की मांग करती हैं। कहा है कि कई ग्राम पंचायतों में तो प्रधानों को किनारे कर बाहरी लोगों से ठेकेदारी प्रथा के आधार पर मनरेगा मद का कार्य कराती हैं और कमीशन वसूलती हैं।
विधायक ने बीडीओ के स्थानांतरण और आरोपों की जांच कराते हुए भ्रष्टाचार और अकूत संपत्ति की विजिलेंस जांच कराए जाने की भी मांग की है। ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव हिमांशु कुमार ने पूरे मामले की जांच कराए जाने और रिपोर्ट प्राप्त कराए जाने के लिए यहां के अधिकारियों को पत्र भेजा है।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने जांच के लिए परियोजना निदेशक और श्रम रोजगार उपायुक्त को नामित किया है।