हरदोई। सीएम डैश बोर्ड की समीक्षा बैठक में सीएमओ व मंडी समिति सचिव की गैरहाजिरी पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। सोशल सेक्टर के सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट के साथ कलक्ट्रेट में हाजिरी दर्ज कराएंगे। कहा कि लगातार तीन माह खराब प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
डीएम एमपी सिंह ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में सीएम डैश बोर्ड की समीक्षा बैठक में विभागवार योजनाओं व कार्यक्रमों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रैंकिंग सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व समय से निस्तारण पर अधिकारी गंभीरता से ध्यान दें। बैठक में सीएमओ की गैरहाजिरी पर कहा कि अगली बैठक में वह स्वयं सूचनाओं सहित उपस्थित होंगे। मंडी समिति सचिव की गैरहाजिरी पर नाराजगी जाहिर की और वेतन काटने के निर्देश दिए।
उन्होंने समाज कल्याण से जुड़े विभागों की कम स्थिति पर नाराजगी जाहिर की और सोशल सेक्टर से जुड़े सभी विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की प्रगति के साथ प्रतिदिन कलक्ट्रेट सभागार में उपस्थिति दर्ज कराएंगे। बिना प्रार्थना पत्र के गैरहाजिर रहने वाले समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कहा कि तीन माह तक लगातार व फ्लैगशिप वाले तीन कार्यक्रमों में खराब स्थिति पर संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी को खराब प्रगति पर कारण बताओ नोटिस जारी की जाए। सीडीओ सौम्या गुरुरानी, एडीएम प्रियंका सिंह व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।