गांव खेड़िया बहादुरगढ़ी में पत्नी की खुरपी से गला काटकर हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी आए दिन नाराज होकर मायके चली जाती थी। मंगलवार रात को वह शराब पीकर घर पहुंचा तो पत्नी ने झगड़ा शुरू कर दिया। मायके जाने की धमकी देने लगी। गुस्से में उसने पत्नी की खुरपी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
कोतवाल संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि गांव खेड़िया बहादुरगढ़ी निवासी नीरज पुत्र शंकरलाल ने अपनी पत्नी रितेश देवी की मंगलवार रात खुरपी से गला काटकर हत्या कर दी थी। सूचना मिली की नीरज जिरौली धूमसिंह में लोहगढ़ गेट पर कहीं जाने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा है। जिरौली धूमसिंह चौकी प्रभारी अरविंद तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आरोपी को धर दबोचा। उसकी निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त खुरपी को बरामद कर लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पत्नी आए दिन नाराज होकर मायके चली जाती थी। तीन दिन पहले भी वह पत्नी को बुलाकर लाया था। मंगलवार की रात को जब वह शराब पीकर घर पहुंचा तो पत्नी ने झगड़ा शुरू कर दिया और सुबह मायके जाने की धमकी देने लगी। गुस्से में उसने पत्नी को पीटा और वहां पड़ी खुरपी से गर्दन पर वार कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।