प्रदेश के विभिन्न जिलों के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अनामिका शुक्ला के प्रमाण पत्रों पर शिक्षिकाओं को फर्जी नियुक्ति दिलाने के साजिशकर्ता सरगना पुष्पेंद्र का अलीगढ़ कोर्ट से बी वारंट बन गया है। गोंडा की जिला जेल में बंद पुष्पेंद्र को 27 जून को पुलिस अलीगढ़ कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद इसकी रिमांड की प्रक्रिया भी तेेज की जाएगी।
सीओ अतरौली प्रशांत सिंह ने बताया कि पुष्पेंद्र ने अनामिका शुक्ला के प्रमाण पत्रों पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बिजौली में कानपुर की बबली यादव को फर्जी तरीके से शिक्षिका के पद पर नियुुक्ति दिलाने की साजिश की थी। इसने शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर मोटी रकम वसूलने के बाद कई जिलों में यह कृत्य किया है।
बिजौली में नौकरी करने वाली बबली यादव को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं पुष्पेंद्र गोंडा की जेल में बंद है। सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि पुष्पेंद्र का अलीगढ़ कोर्ट से बी वारंट बन गया है। 27 जूून को उसे अलीगढ़ लाकर न्यायलय में पेश किया जाएगा। इसके बाद उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि अहम राज उगलवाए जा सकें। वहीं बबली यादव की रिमांड पर मंगलवार को बहस होगी। उसे कोर्ट ने तलब कर लिया है। इस मामले में फरार चल रहे बब्लू व राजरानी की तलाश में भी पुलिस टीम लगी हैं। वह भी जल्द गिरफ्त में होंगे।