न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)
अतरौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में जंगल में लकड़ी लेने गई 16 वर्षीय किशोरी से तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। देर होने पर तलाश करते घटनास्थल पर पहुंची मां ने जब बेटी को उनके चंगुल से छुड़ाया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि दो आरोपी फरार हैं।
पीड़ित किशोरी के अनुसार बुधवार की शाम वह जंगल में लकड़ी लेने गई थी। वहां पहले से ही बैठे अंकित पुत्र लीलाधर, गुड्डू पुत्र नेकराम व पुष्पेंद्र सागर पुत्र सीताराम ने उसे दबोच लिया। तीनों ने बारी-बारी उसके साथ दुष्कर्म किया।
उधर काफी देर तक बेटी के घर न लौटने पर तलाश में निकली मां मौके पर पहुंची तो उसने तीनों आरोपियाें के चंगुल में बेटी को पाया। मां ने विरोध करते हुए आरोपियों के घर पर शिकायत करने की बात कही। इस पर आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अंकित को बृहस्पतिवार को अतरौली कस्बे के अवंतीबाई चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को ही अदालत के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया। कोतवाल संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि अन्य दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा।