पिहानी (हरदोई)। लग्जरी बस में शराब का जखीरा मिलने के मामले में लंबी उठापटक के बाद बस को पिहानी से पसिगवां पुलिस के हवाले कर दिया गया। पसिगवां (खीरी) पुलिस के अनुसार, बस में 180 पेटी शराब मिली है, जिसकी कीमत तकरीबन बीस लाख रुपये आंकी जा रही है।
मंगलवार की देर रात पिहानी- जेबीगंज मार्ग पर जरौना गांव के पास लग्जरी बस से पुलिस को भारी मात्रा में तस्करी की शराब मिली थी। इस बीच पड़ोसी जनपद खीरी के पसिगवां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पसिगवां पुलिस का कहना था कि यह बस उनके क्षेत्र में एक एक्सीडेंट कर भागी है। इस पर पिहानी और पसिगवां पुलिस के बीच सड़क पर ही हुई रस्साकशी के बाद पिहानी पुलिस बस कोतवाली ले आई थी।
यहां रात दस बजे तक 29 पेटियों में हरियाणा की शराब मिली थी। इस दौरान भी दोनों इलाकों की पुलिस इसे गुड वर्क के रूप में देखते हुए गेंद अपने पाले में लाने पर जोर लगाती रही। बताया जाता है कि दोनों जिलों के एसपी के बीच हुई वार्ता के बाद गेंद पसिगवां पुलिस के हिस्से मेें चली गई और सोमवार की रात में ही पिहानी पुलिस ने शराब भरी बस पसिगवां पुलिस को सौंप दी। पसिगवां पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में चालक वीर सिंह निवासी दिल्ली व परिचालक रत्नेश निवासी मुरीदखानी पिहानी के अलावा एक अन्य फरार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।