हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चौहान थोक पूर्वी में रंग लगाने का विरोध करते हुए पड़ोसी महिला ने पुलिस बुला ली। इससे नाराज युवक ने पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना बुधवार दोपहर की है। हालांकि परिजनों का कहना है कि युवक शराब का आदी था।
शहर के चौहान थोक पूर्वी निवासी मनीष (22) मजदूरी करते थे। बड़े भाई मुकेश ने बताया कि मनीष शराब के आदी थे। बुधवार दोपहर मनीष शराब के नशे में पड़ोस में रहने वाली चाची को रंग लगाने गए थे। चाची के विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। चाची ने यूपी 112 पर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
मनीष के पिता ने एक खेत मकान से आधा किलोमीटर दूर बटाई पर ले रखा है। विवाद के बाद मनीष ने इसी खेत में सागौन के पेड़ पर साड़ी के फंदे से खुदकुशी कर ली। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए। मनीष चार भाई-बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।