बच्चों को बांटने के लिए आए बैग से हटाई गई अखिलेश की फोटो और संदेश लगा स्टीकर।
- फोटो : amarujala
हरदोई। सूबे में सरकार बदलते ही परिषदीय स्कूलों के बैग से भी सीएम अखिलेश यादव की फोटो गायब हो गई है। परिषदीय स्कूल के बच्चों को बांटने लिए पांच लाख से अधिक बैग जिले में आए थे। फिलहाल बैग के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। जांच और निदेशालय से आदेश मिलने के बाद बच्चों को बैग बांटे जाएंगे।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिसंबर में सूबे के परिषदीय स्कूलों के बच्चों को बैग बांटने के आदेश दिए थे। प्रदेश स्तर पर टेंडर निकालकर बैग खरीदे गए । इनमें 5,01,255 बैग हरदोई के बच्चों को बांटने लिए आए थे।
बैग की पहली खेप सात जनवरी को आई थी। बैग पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो के साथ खूब पढ़ो, खूब बढ़ो का संदेश लिखा था। इसी बीच चुनाव आचार संहिता लग गई। इससे मुख्यमंत्री के फोटो लगे बैग बांटने पर चुनाव आयोग ने रोक लगा दी।
चुनाव के दौरान ही बैग की जांच कराने का आदेश शासन से आ गया। ये प्रक्रिया चल ही रही थी तभी 11 मार्च को विधानसभा चुनाव का परिणाम आ गया। जिसमें सपा सत्ता से बाहर हो गई और भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल गया। सूबे में सत्ता परिवर्तन होता देख जिले के अधिकारियों ने बैग से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का फोटो हटवा दिया है।
प्रदेश में सरकार बदल गई है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के फोटो और संदेश लिखे बैग का वितरण अब नहीं किया जाएगा। बैग से अखिलेश यादव का फोटो और संदेश लगा स्टीकर हटा दिया गया है। शासन से आदेश आने पर बच्चों को बैग बांट दिए जाएंगे। अभी बैगों का सत्यापन कराया जा रहा है।
-राजीव मिश्रा, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता