एयर विंग और एराइस इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वाइस आफ हरदोई की ग्रांड फिनाले कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। सोमवार की देर रात तक चले कार्यक्रम में अखिल शुक्ला को वाइस आफ हरदोई और आशीष त्रिपाठी को डांसिंग स्टार आफ हरदोई चुना गया।
इस मौके पर एसडीएम अशोक शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जिले मेें छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। शाहाजहांपुर रोड स्थित चौपाल सागर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर जूनियर और सीनियर वर्ग के कलाकारों ने अपनी प्रतिभाओें का प्रदर्शन किया। नन्हे-मुन्हें कलाकारों का नृत्य देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस मौके पर साईं म्यूजिकल ग्रुप के निर्देशक सुनील त्रिवेदी, वंदना गुप्ता और स्मृति मिश्रा के गीतों ने कार्यक्रम मेें समां बांधा।
निर्णायक मंडल ने जैसे ही वाइस आफ हरदोई और डांसिंग स्टार आफ हरदोई के नामों की घोषणा की तो समूचा पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। एयर विंग के डायरेक्टर देशदीपक गुप्ता ने कहा कि इस प्रोग्राम में चयनित किए गए बच्चों को स्टेट लेबिल पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने का मौका मिलेगा और वहां पर जिले का नाम रोशन करेंगे।