बावन (हरदोई)। शादी के तीन साल बाद गर्भवती हुई पत्नी का मायके में गर्भ गिर गया। मायके से पत्नी के वापस आने पर शनिवार सुबह ट्रक चालक पति का इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में आकर पति ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली पत्नी के हाथ में लगी। पुलिस का दावा है कि पत्नी की हालत खतरे से बाहर है।
बावन कस्बे के खेड़ा मोहल्ला निवासी अफसार ट्रक चालक है। उसका निकाह तीन साल पहले टड़ियावां निवासी शबाना से हुआ था। कुछ समय पहले शबाना गर्भवती हो गई थी। इससे अफसार काफी खुश था। दो माह की गर्भवती शबाना अपने मायके गई थी। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि मायके में ही किसी कारण से शबाना का गर्भ गिर गया। यह जानकारी अफसार को हुई तो वह नाराज हो गया। शुक्रवार को शबाना मायके से ससुराल आ गई। अफसार भी शनिवार सुबह गाजियाबाद से ट्रक लेकर घर आया था।
शनिवार सुबह गर्भ गिर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में अफसार ने तमंचे से शबाना पर गोली चला दी। हाथ में गोली लगने से शबाना घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से विवाहिता को सीएचसी बावन पहुंचाया। सीओ शिल्पा कुमारी, लोनार कोतवाल उमेश त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। कोतवाल उमेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ है। शबाना को मेडिकल के लिए सीतापुर भेजा गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।