हरदोई। मौसम के तेवर तेजी से बदल रहे हैं। शुक्रवार को जिले में सुबह की शुरुआत हल्की धुंध और ठिठुरन के साथ हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश ने सर्दी को बेअसर कर दिया। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे रातों में होने वाली ठिठुरन से लोगों को राहत मिली है। मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा। सुबह के समय आर्द्रता 84 प्रतिशत तक पहुंचने के कारण वातावरण में नमी और धुंध का प्रभाव देखा गया। हालांकि, शाम होने तक आर्द्रता घटकर 50 प्रतिशता रह गई। आसमान साफ रहने के कारण दिन भर धूप खिली रही, जिससे पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि हवाओं की इस दिशा और आसमान साफ रहने की वजह से आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और भी इजाफा हो सकता है।