दुष्कर्म के बाद मासूम को खेत में फेंका, मौत
- आरोपी रिश्ते का चाचा गिरफ्तार, हिरासत से भागते समय लगी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
पचदेवरा (हरदोई)। घर के बाहर खेल रही आठ साल की मासूम को पड़ोस में रहने वाला कथित चाचा बहलाकर घर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। करीब तीन घंटे बाद खून से लथपथ मासूम को मरणासन्न हालत में खेत में फेंक कर भाग गया। इलाज के लिए ले जाते समय मासूम ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में लेकर जाने के दौरान भागने के लिए आरोपी ने सिपाही की राइफल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में एक आठ वर्षीय मासूम बुधवार को अपने घर के बाहर खेल रही थी। घर के लोग होली मना रहे थे। इस बीच शाम करीब सात बजे मासूम गायब हो गई। तब तक अंधेरा हो चुका था। काफी देर तक जब उसकी कोई आहट नहीं मिली तो घर वाले उसे तलाश करने लगे। कई घंटे की तलाश के बाद घर के सामने खेत में मासूम मरणासन्न हालत में पड़ी मिली। बच्ची की हालत देखकर घर वाले घबरा गए। वह उसे इलाज के लिए शाहजहांपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही कांट के पास मासूम ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि जिस वक्त बच्ची खेल रही थी, उस दौरान पड़ोसी रिश्ते का चाचा कृष्णा पाठक खड़ा हुआ था। बच्ची के पिता के शक जाहिर करने पर पुलिस ने कृष्णा पाठक को हिरासत में लेते हुए उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके घर से बच्ची के खून से लथपथ कपड़े मिले। पुलिस को उसके घर के कमरे में चारपाई पर खून भी पड़ा हुआ मिला।
कृष्णा को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजने के लिए लेकर जा रही थी। इस बीच नारायणपुर गांव के पास मौका पाकर कृष्णा सिपाही महेश कुमार की राइफल छीनकर भागा। उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे पकड़कर इलाज के लिए शाहाबाद सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
-
एसपी के पहुंचते ही पुलिस ने दिखाई तेजी
दुष्कर्म के बाद बच्ची की मौत की खबर लगते ही गांव पहुंचे एसपी राजेश द्विवेदी ने मामले की पड़ताल की। एसपी के वहां पहुंचते ही पुलिस ने मामले में तेजी दिखाई और आरोपी कृष्णा पाठक को हिरासत में लेते हुए उससे पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी कृष्णा को हिरासत में लिया गया है।
-
चप्पलों के पास पड़ा मिला मोबाइल
खेत में जहां पर खून से लथपथ बच्ची पड़ी हुई थी। वहीं पास में उसकी दोनों चप्पलें भी पड़ी थी। इसके साथ ही लावा कंपनी का मोबाइल भी वहीं पास में पड़ा हुआ था। चश्मदीद लोगों की मानें तो जिस तरह से बच्ची की चप्पलें पड़ी थी, उन्हें देख कर ऐसा नहीं लग रहा था कि उन्हें फेंका गया, बल्कि रखा गया है कि स्थिति थी।
दो थानों की पुलिस तैनात
बच्ची के साथ की गई घिनौनी हरकत से नाराज एसपी राजेश द्विवेदी के एक्शन में आते ही पुलिस भी पूरी तरह से सतर्क हो गई। गांव में पचदेवरा के साथ-साथ पाली पुलिस को भी तैनात किया गया है। मासूम के घर वालों से बात करके जानकारी जुटाई जा रही है।