बहन के घर जा रहे भाई की हादसे में मौत, चचेरा भाई घायल
- हरदोई-सीतापुर रोड पर बरगदिया चेकपोस्ट पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बेनीगंज। हरदोई-सीतापुर रोड पर बरगदिया चेक पोस्ट पर हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से बहन के घर होली मिलने जा रहे थे।
बेनीगंज कोतवाली के उल्जा गांव निवासी सुधीर (26) मजदूरी करता था। गुरुवार को वह अपने चाचा हरिनाम के लड़के प्रदीप (25) के साथ बाइक से अपनी बहन के घर सजीव छछेटा थाना टड़ियावां जा रहा था। रास्ते में बरगादिया चेकपोस्ट के पास किसी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों बुरी तरह घायल गए। राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े दोनों की हालत देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को सीएचसी कोथावां पहुंचाया, जहां सुधीर की मौत हो गई। प्रदीप की हालत नाजुक देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी से सुधीर के परिवार में चीख-पुकार मच गई।
हादसे से सुधीर की मां रजनी, पत्नी सोनम, छह वर्षीय बेटी सौम्या और चार वर्षीय वर्षीय बेटे संगम के ऊपर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया। छह भाई-बहनों में दो उससे बड़े और तीन उससे छोटे बताए गए हैं।