माधौगंज। थाना क्षेत्र के पहुंतेरा गांव में युवक की हत्या कर शव को गांव के बाहर फंदे पर लटका दिया गया। परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए शव को नीचे उतारने नहीं दिया। करीब चार घंटे बाद पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के आश्वासन के बाद करीब दोपहर 12 बजे शव को फंदे से उतारा गया। पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर गांव के ही दो युवकों सहित चार लोगों के विरुद्ध ही हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम पहुंतेरा निवासी होशराम के पुत्र दीपक (18) का शव सोमवार की सुबह गांव के बाहर सिरसा के पेड़ पर गमछे के फंदे से लटका हुआ मिला। जानकारी पर पिता होशराम परिवारीजनों व ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। माधौगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। होशराम ने पुत्र दीपक की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर करते हुए चार लोगों पर आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की।
होशराम ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया है कि गांव के दिनेश ने उसके पुत्र दीपक के खिलाफ माधौगंज थाने में युवती को बहलाकर ले जाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। यह एकदम फर्जी थी। इसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। इसके चलते गांव निवासी दिनेश व अशोक, असमा गांव निवासी दिनेश का साला मनोज उर्फ कल्लू व सर्वेश ने मिलकर उनके पुत्र दीपक की हत्या कर दी। वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से पेड़ पर लटका दिया है।
एएसपी पूर्वी नृपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।