गांव में ही उलाहना देने की बात को लेकर एक महिला के कर दी थी पिटाई
महिला के पति ने कोतवाली देहात में दर्ज करा दी थी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। कोतवाली देहात के पहल गांव में एक अधेड़ ने पहले गांव की एक महिला को पीट दिया। इसके बाद पीड़िता के पति ने अधेड़ के खिलाफ कोतवाली में मारपीट का मामला दर्ज कर दिया। इस बात की जानकारी होने पर अधेड़ ने गांव के बाहर एक आम के पेड़ से लटक कर जान दे दी।
कोतवाली देहात के पहल गांव निवासी रामबाबू (50) के कुछ साल पहले पत्नी की मौत हो गई थी। दो पुत्र हैं । दोनों पुत्र दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। गांव निवासी रोशनी पत्नी राकेश की ननद से दिल्ली में रामबाबू के बेटे से विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर रोशनी ने रामबाबू से अपने बेटे को मना करने का उलाहना दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। नाराज रामबाबू ने महिला के सिर पर हमला कर दिया था। जिससे महिला घायल हो गई। हालत गंभीर होने पर महिला को लखनऊ रेफर कर दिया गया। महिला के पति राकेश ने रामबाबू के खिलाफ कोतवाली देहात में तहरीर देकर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इस बात की जानकारी जब रामबाबू को हुई तो उन्होंने गांव के बाहर पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। कोतवाल राजवीर सिंह ने बताया मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नही दी गई।