हरदोई। संरक्षित मवेशियाें की देखरेख में लापरवाही पर सीडीओ ने कार्रवाई शुरू की है। विकास खंड टड़ियावां के सड़िला पशु आश्रयस्थल में संरक्षित मवेशियों की देखरेख व संचालन में लापरवाही पर उन्होंने ग्राम पंचातय अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने बताया कि सड़िला पशु आश्रयस्थल में संरक्षित मवेशियों की देखरेख में लापरवाही का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में आश्रयस्थल में घायल व मृत मवेशियों की देखरेख के लिए कोई भी कर्मचारी व अधिकारी मौजूद नहीं था। इस पर टड़ियावां के बीडीओ व पशु चिकित्साधिकारी से आख्या ली गई। इसमें केयर-टेकर, प्रधान व पंचायत सचिव की ओर से लापरवाही बरती जा रही है।
बताया कि देखरेख में लापरवाही के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी कौशलेंद्र भारतीय को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। डीपीआरओ को आदेश दिए गए हैं कि प्रतिकूल प्रविष्टि को संबंधित कर्मचारी की सेवा पुस्तिका में भी अंकित कराकर अवलोकन कराएंगे।