हरदोई। फैमिली आईडी बनाए जाने में लापरवाही पर हरपालपुर के सहायक विकास अधिकारी से जवाब तलब किया गया है। खंड विकास अधिकारी ने नोटिस जारी कर दो दिन में साक्ष्य सहित जवाब मांगा है। वहीं अब शाम पांच बजे से पहले प्रतिदिन की रिपोर्ट भी दिए जाने के निर्देश दिए हैं।
शासन की प्राथमिकता पर एक परिवार-एक पहचान के क्रम में फैमिली आईडी बनवाई जा रही हैं। ब्लॉक हरपालपुर में फैमिली आईडी बनवाए जाने की समीक्षा में एडीओ पंचायत रामनेरश के पोर्टल पर 411 से अधिक फैमिली आईडी लंबित मिली। बीडीओ सुरेंद्र सिंह राना ने इस पर नाराजगी जाहिर की। वहीं काम में लापरवाही में सुधार के निर्देश दिए हैं। एडीओ को नोटिस जारी कर कहा है कि नियमित समीक्षा न किया जाना और फैमिली आईडी के निस्तारण में लापरवाही से ब्लॉक की स्थिति पिछड़ी है।
उन्होंने एडीओ से दो दिन के अंदर साक्ष्य सहित जवाब मांगा है। वहीं कहा है कि फैमिली आईडी के काम को प्रतिदिन निपटाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट शाम पांच बजे से पहले उन्हें भी प्राप्त कराई जाएगी। वहीं काम में लापरवाही के संबंध में उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेजी है।