हरदोई। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की कवायद में प्रशासन ने जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। अपर जिलाधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का प्रभारी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मायाशंकर यादव को बनाया गया है, जबकि सह नोडल अधिकारी जल निगम के अधिशासी अभियंता एके त्रिपाठी बनाए गए हैं। कंट्रोल रूम का नंबर 05852-234629 है।
नोडल अधिकारी मायाशंकर यादव का मोबाइल फोन नंबर 9454416613 और सह नोडल अधिकारी एके त्रिपाठी का नंबर 9473942557 है। डीएम पुलकित खरे ने बताया कि तीन शिफ्ट में कंट्रोल रूम में तीन-तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शाहिद अली, गौरव पटेल और चेतराम, शाम चार बजे से रात 12 बजे तक राजेंद्र कुमार, अनुज कुमार और आलोक तिवारी की ड्यूटी लगाई गई है। रात 12 बजे से सुबह आठ बजे तक स्वतंत्र कुमार वर्मा, आफताब अहमद और मनोज कुमार की ड्यूटी लगाई गई है।
गैर जनपद या प्रांत से आने वालों की दें सूचना
डीएम पुलकित खरे ने कहा है कि जनपद के किसी गांव, कस्बे या मोहल्ले में अगर किसी गैर जनपद या गैर प्रांत से कोई व्यक्ति आता है तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी जा सकती है। ऐसे लोगों की आवश्यक जांचें कराई जाएंगी।
भ्रामक सूचनाओं का न करें प्रचार
डीएम पुलकित खरे ने कहा है कि कोरोना वायरस का प्रकोप वैश्विक चिंता बन गया है। इससे निपटने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जनता के बीच दहशत पैदा करने के उद्देश्य से कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उन्होंने ऐसा न करने की अपील की है।