सांडी। थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर स्थित रानी बगिया में रविवार सुबह अधेड़ का शव पड़ा मिला। गले में गमछे का फंदा होने से उसके फांसी लगाकर जान देने की आशंका है। परिजनों ने शिनाख्त के बाद उसके मानसिक रूप से बीमार होने की बात कही है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में रानी बगिया की निगरानी करने वाले युवक ने रविवार सुबह बगिया में अधेड़ का शव पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों ने बताया कि अधेड़ कुछ दिनों से आसपास के गांवों में घूमता था। उसने खुद के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम म्योरा का होने और परिवार में किसी के न होने की बात कही थी। इस पर पुलिस ने शव की फोटो बिलग्राम कोतवाली पुलिस को भेजी। पुलिस ने म्योरा गांव के लोगों को अधेड़ की फोटो दिखाई तो उसकी शिनाख्त नन्हे (50) पुत्र रामस्वरूप के तौर पर हुई। मृतक की भाभी रामकली पत्नी राजेंद्र ने बताया कि नन्हे मानसिक रूप से बीमार था। 10 बीघा भूमि थी, जिसे वह पहले ही बेच चुका था। वह इधर-उधर घूमता रहता था। सांडी के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश यादव के मुताबिक मृतक के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। आदमपुर के प्रधान पति रामगुलाम की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।