हरदोई। होली पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ाने का फैसला लिया है। यात्रियों को कंफर्म सीट उपलब्ध कराने और लंबी वेटिंग लिस्ट को कम करने के उद्देश्य से पद्मावत एक्सप्रेस और बनारस-बरेली एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ दिए गए हैं।
होली के चलते दिल्ली और बनारस रूट की ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है। अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 150 के पार पहुंच चुकी है। यात्रियों को सहूलियत देने के लिए रेलवे ने ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए हैं। इससे उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो पिछले कई दिनों से टिकट कंफर्म होने का इंतजार कर रहे थे। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 14207 मां बेहला देवी धाम प्रतापगढ़ में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच में 28 फरवरी से छह मार्च तक लगा रहेगा।
डाउन रूट की दिल्ली से आने वाली ट्रेन 14208 में अतिरिक्त कोच तीन से नौ मार्च तक जोड़ा गया है। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 14235 बनारस-बरेली एक्सप्रेस में 28 फरवरी को फिर इसके बाद तीन मार्च से नौ मार्च तक अतिरिक्त कोच जुड़ा रहेगा। डाउन रूट पर 14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस में एक मार्च के बाद छह से सात मार्च को चलने वाले रैक में अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।