हरदोई। राशनकार्ड धारकों को कम राशन देने पर कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सभी पूर्ति निरीक्षक व क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक को जांच के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने इनकी भी जवाबदेही तय की जाएगी।
जिले में 7,71,503 परिवारों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। राशन का वितरण जिले के 1621 दुकानों से किया जाता है। राशन की दुकानाें पर घटतौली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे रोकने के लिए खाद्य आयुक्त की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत, सभी दुकानों पर राशनकार्ड धारकों को पूरा राशन उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी दुकानों के निरीक्षण के आदेश दिए गए है। जिस भी दुकान पर घटतौली मिलती है, उस दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
खाद्य आयुक्त के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी कमल नयन सिंह ने सभी पूर्ति निरीक्षक, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि राशन के वितरण के दौरान नियमित दुकानों का निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के उपरांत निर्धारित प्रारूप पर सूचनाएं कार्यालय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जारी आदेश में कहा कि यदि घटतौली की शिकायत मिलती है, तो कोटेदार के साथ-साथ पूर्ति निरीक्षक को भी जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।