हरदोई। कूटरचित प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी पाने वाले तीन शिक्षकों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है। शासन के निर्देश पर गठित कमेटी शुक्रवार को इस मसले पर निर्णय लेगी। तीनों शिक्षकों की बर्खास्तगी लगभग तय मानी जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी हेमंत राव ने बताया कि भरावन की प्राथमिक विद्यालय दखिलौल में तैनात प्रधानाध्यापक मुन्नी रानी सहित तीन शिक्षकों ने कूटरचित प्रमाण पत्रों के आधार पर नौकरी पाई थी। इन्हें पहले ही चिन्ह्ति कर लिया गया था और नोटिस भी दी गई है। इसके बाद शासन स्तर से गठित अधिकारियों की टीम इन तीनों शिक्षकों पर आज निर्णय लेगी। तीनों को कूट रचित प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी पाने के मामले में बर्खास्त किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इनमें से एक भरावन की मुन्नी रानी हैं, जिन्होंने जाति प्रमाण पत्र गलत लगाया और पदोन्नति भी पा ली। इसके अलावा 69 हजार भर्ती में चिन्ह्ति एक शिक्षिका एवं विज्ञान गणित में चिन्ह्ति किए गए एक शिक्षक को भी आज बर्खास्त किया जाएगा। चयनित कमेटी में एडीएम संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
वेतन तो रोका, लेकिन बर्खास्त नहीं किया
हरदोई। भरावन के प्राथमिक विद्यालय दखिलौल की प्रधानाध्यापक मुन्नी रानी के मामले में विभाग काफी सुस्त दिखा। डेढ़ साल से वह नोटिस पर नोटिस भेज रहा था जबकि शिक्षिका की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। सात माह पूर्व उसका वेतन रोका गया, लेकिन बर्खास्त आज तक नहीं किया गया।