हरदोई। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी से उनके कार्यालय कक्ष में सहायक चकबंदी अधिकारी ने मारपीट की और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। बंदोबस्त अधिकारी ने घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर शहर कोतवाली में दी है।
जिले में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के पद पर बीएन उपाध्याय की तैनाती है। बीएन उपाध्याय के मुताबिक बुधवार शाम वह नुमाइश चौराहा स्थित चकबंदी प्रशिक्षण संस्थान में अपने कार्यालय कक्ष में शासकीय कार्य निपटा रहे थे। उनके साथ सहायक चकबंदी अधिकारी हरपालपुर राजकुमार, वरिष्ठ सहायक रवि प्रकाश, पेशकार सुनील कुमार मिश्रा, पीए रज्जनलाल सहित दो अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान सहायक चकबंदी अधिकारी सांडी जहानवीर कुमार त्यागी वहां पहुंच गए और बीएन उपाध्याय को गाली गलौज करने के बाद उनसे मारपीट भी की। जान से मारने की धमकी देते हुए दरवाजे की कुंडी तोड़कर सहायक चकबंदी अधिकारी चले गए।
उपाध्याय के मुताबिक पूरे प्रकरण से सरकारी कार्य भी बाधित हुआ है। शहर कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर मिल गई है और सहायक चकबंदी अधिकारी जहानवीर कुमार त्यागी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा रही है।