संडीला। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर बाइक से गश्त कर रहे दो होमगार्ड एक ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जा टकराए। घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों होमगार्डों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला भेजा गया। यहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को जिला अस्पताल और वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहादुरखेड़ा निवासी संतेंद्र लोधी(35) पुत्र तेजी होमगार्ड थे। गुरुवार देर रात वह अपने साथी संडीला कस्बे के मोहल्ला मानसनगर निवासी होमगार्ड ओमप्रकाश(35) पुत्र कुंवर के साथ गश्त कर रहे थे। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर जलालपुर मोड़ के पास ईटों के भरा ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार ट्राली में पीछे से जा घुसे।
इसी दौरान उधर से गुजर रहे संडीला तहसील के लेखपाल सुशील कुमार गुप्ता ने दोनों को सड़क पर घायल अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को संडीला सीएचसी पहुंचाया। यहां सतेंद्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल ओमप्रकाश को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से हालत गंभीर होने पर ओमप्रकाश को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी जयादेवी, तीन बेटियां व एक बेटा है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लिया गया है। चालक फरार है।