सांडी। कस्बे के चौधरियापुर गांव के पास सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में हरपालपुर के ग्राम बरनई चतरखा निवासी अधेड़ समेत अन्य कई लोग घायल हो गए। हालत नाजुक होने पर अधेड़ को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना हरपालपुर के ग्राम बरनई चतरखा निवासी अवधेश (55) सोमवार को टेंपो पर सवार होकर छोटी बेटी बिलग्राम के ग्राम सढ़ियापुर निवासी बेटी खुशबू की ससुराल जा रहा था। रास्ते में ग्राम चौधरियापुर के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अवधेश समेत अन्य कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया।
हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने अवधेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि अवधेश के तीन बेटी व दो बेटे हैं। वह खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करता था। कस्बा प्रभारी रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।