हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ललौली गांव के पास पत्नी को विदा कराने जा रहे बाइक सवार को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम ललौली निवासी चक्रपाल (25) मजदूरी करता था। एक माह पूर्व ही उसकी शादी ग्राम बखेरिया निवासी पूनम के साथ हुई थी। शादी के बाद चौथी की विदा में पूनम मायके चली गई थी। बुधवार को चक्रपाल बाइक से पूनम की विदा कराने के लिए ससुराल जा रहा था।
हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर ग्राम ललौली के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास ही ट्रैक्टर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चक्रपाल सिर के बल सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने उसे पहचान लिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां चक्रपाल को मृत घोषित कर दिया गया। चक्रपाल दो भाइयों में बड़ा था। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।