हरदोई। बाजार में बिक रहा चाइनीज मांझा जानलेवा साबित हो रहा है। शुक्रवार सुबह शाहाबाद कस्बे में बाइक से जा रहे युवक के गले में चाइनीज मांझा फंस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला सुलेमानी निवासी राजा (32) पुत्र रईस शुक्रवार सुबह किसी काम से बाइक से जा रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में ही सड़क पर तार से लटक रहा चाइनीज मांझा उसके गले में फंस गया। खून से लथपथ होकर वह जमीन पर गिर गया। राहगीरों ने युवक के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों को जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रईस ने बताया कि कस्बे की बाजार में खुलेआम चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि घटना संज्ञान में है, जांच की जा रही है।