हरदोई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने बाराबंकी कांड के विरोध में बृहस्पतिवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर की गई पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राज भर की टिप्पणी से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला भी शहर के सोल्जर बोर्ड चौराहे पर फूंका। आक्रोशित कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर में ज्ञापन देने के लिए डीएम को मौके पर बुलाने पर अड़ गए और सड़क पर बैठ गए। कुछ देर बाद एडीएम न्यायिक मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया।
बाराबंकी में बीते दिनों रामस्वरूप विश्व विद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में प्रदर्शन का एलान बुधवार को ही कर दिया गया था। बुधवार रात पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर का विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को लेकर दिए गए बयान ने आग में घी का काम कर दिया। नघेटा रोड स्थित परिषद के कार्यालय में बृहस्पतिवार सुबह विभाग संगठन मंत्री किशन के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ता सोल्जर बोर्ड चौराहे पहुंचे। सड़क पर बैठकर ओपी राजभर के खिलाफ नारेबाजी करने के खिलाफ पुतला फूंका।
इसके बाद कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे कार्यकर्ता ज्ञापन देने के लिए डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ गए। काफी देर तक उन्हें समझाया गया और इसी बीच एडीएम न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी मौके पर ज्ञापन लेने पहुंचे। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित विश्वविद्यालय और संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लाठी चार्ज में शामिल रहे सभी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री से पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई। ज्ञापन और प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक पुनीत सिंह गोलू, जिला सह संयोजक अभिकेश, संडीला के जिला संयोजक, दिव्यांश, विभाग छात्रा प्रमुख कीर्ति पाल, अनुराग मिश्रा आदि मौजूद रहे।