मल्लावां। मल्लावां नगर पालिका अध्यक्ष से गाली गलौज करने और उनके पति को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। नगर पालिका अध्यक्ष के भतीजे ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।
मल्लावां नगर पालिका के अध्यक्ष तबस्सुम हैं। उनके प्रतिनिधि के रूप में भतीजे परवेज आलम काम संभालते हैं। एसपी को बृहस्पतिवार काे दिए गए शिकायती पत्र में परवेज आलम ने बताया कि बुधवार की शाम लगभग सात बजे वह गंजमुरादाबाद के चेयरमैन पति के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। कार्यालय के सामने से निकली सड़क के पास से ट्रैक्टर-ट्रॉली में मार्ग निर्माण की सामग्री भरी जा रही थी।
इसी दौरान गंगारामपुर निवासी एक शख्स नशे में आकर नगर पालिका अध्यक्ष तबस्सुम को गाली देने लगा। उसे समझाकर वहां से हटाया गया। आरोप है कि कुछ देर बाद वही शख्स अपने माता-पिता और 12 अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडा लेकर गाली गलौज करते हुए कार्यालय में आकर धार्मिक उन्माद फैलाने लगा। चेयरमैन पति की हत्या करने की धमकी दी। परवेज का कहना है कि उन्होंने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।