जीआरपी की हिरासत में शातिर अपराधी।
- फोटो : अमर उजाला
दस दिन पहले पेशी पर लाए जाने के दौरान पुलिस अभिरक्षा के फरार हुआ इनामी बदमाश को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। जीआरपी एसओ श्यामदेव ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरवा दलेल नगर निवासी शमसुद्दीन उर्फ भूरा पुत्र शौकत अली शातिर अपराधी है।
उसके खिलाफ हरदोई जीआरपी समेत लखनऊ व अन्य जगहाें पर मुकदमे दर्ज हैं। 23 दिसंबर को कछौना पुलिस के दो सिपाही शमसुद्दीन को गिरफ्तार कर पेशी के लिए हरदोई कोर्ट लेकर आ रहे थे। करना स्टेशन के पास सियालदाह एक्सप्रेस की रफ्तार कम होने पर वह सिपाहियों को चकमा देकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। शमसुद्दीन के खिलाफ पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मंगलवार शाम जीआरपी एसपी सौमित्र यादव के निर्देश पर जीआरपी एसओ श्यामदेव सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संडीला स्टेशन पर चेकिंग अभियान चला रहे थे।इसी दौरान स्टेशन पर परिसर में शातिर शमसुद्दीन घूमता दिखाई दिया। जीआरपी ने घेराबंदी कर आरोपी को स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। एसओ श्यामदेव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।