पाली। कस्बे के मोहल्ला विरहाना में मेडिकल स्टोर संचालक की मौत के मामले में पुलिस ने उसके मित्र राजीव यादव को गिरफ्तार कर लिया है। राजीव के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
विरहाना निवासी विवेक (25) पुत्र गंगाप्रसाद दिवाकर की 20 अक्तूबर को सुबह गोली लगने से मौत हो गई थी। उसका शव घर की बैठक में बने क्लीनिक में पड़ा मिला था। गंगाप्रसाद ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन घटना के दिन जब फोरेंसिक टीम ने विवेक के कपड़े खंगाले तो उसमें सुसाइड नोट मिला था। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने राजीव यादव निवासी बर्रा थाना हरपालपुर के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। पाली के प्रभारी निरीक्षक डीपी सिंह ने बताया कि गुरुवार को राजीव को निजामपुर पुलिया के निकट से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।