ग्राम साखिन में आम आदमी पार्टी की बैठक को संबोधित करते दिल्ली के वजीरपुर के विधायक राजेश गुप्ता व
- फोटो : HARDOI
हरदोई। दिल्ली के वजीरपुर से आप विधायक राजेश गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और महिलाएं सभी त्रस्त हैं। यहां की जनता भी अब बदलाव चाहती हैं। पंचायत चुनाव में आप के प्रत्याशी बदलाव की बयार लेकर जनता के बीच उतरेंगे। ये बातें गोपामऊ विधानसभा के साखिन ग्राम में आम आदमी पार्टी की पंचायत चुनावों को लेकर हुई बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए बेहतर विकल्प साबित होगी। अगर प्रदेश में आप की सरकार बनती है तो दिल्ली की तर्ज पर ही फ्री बिजली-पानी, शिक्षा, चिकित्सा जैसी सुविधाएं यहां की जनता को भी दी जाएंगी। पार्टी पंचायत चुनाव में जिले की सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।
जिला प्रभारी राजेंद्र राजसी व जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल वर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। कार्यक्रम आयोजक गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष उमेश रहे। जिला उपाध्यक्ष राम आसरे कुशवाहा, रामप्रसाद प्रेमी , शिशुपाल, पिंटू तिवारी, सुदामा, जेके गौतम, मनीष कुमार भी मौजूद रहे।