हरदोई। रविवार शाम आई आंधी के दौरान अलग-अलग जगह दो लोगों की मौत हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र में राजमिस्त्री और शाहाबाद में वृद्ध आंधी के झोंके में गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ऊंचाथोक निवासी रामेश्वर प्रसाद (56) राजमिस्त्री था। वह मोहल्ला निवासी राजवीर के घर पर रविवार शाम कार्य कर रहा था। इसी दौरान आई तेज आंधी में उसका संतुलन बिगड़ गया और गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राजवीर ने रामेश्वर के परिजनों को सूचना दी। आनन फानन ही उसे जिला अस्पताल ले गए लेकिन देर रात रामेश्वर की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिवार में पत्नी मूर्ति और तीन पुत्र हैं।
शाहाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पेड़हाता निवासी राजाराम (68) रविवार शाम गांव के बाहर चंद्रप्रकाश के ट्यूबवेल पर बैठे थे। अचानक मौसम बिगड़ने और तेज आंधी चलने पर वह वापस घर जा रहे थे। रास्ते में आंधी के झोंके में वह गिर पड़े और मौके पर ही मौत हो गई। वह अविवाहित थे। घटना की जानकारी पर राजस्व निरीक्षक राजीव कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन मृतक के भाइयों शिवशंकर व शंभू दयाल ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।