हरदोई। मेडिकल कॉलेज के अधीन जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष से शुक्रवार को आला व बीपी चेक करने वाली मशीन गायब हो गई। यह स्वास्थ्य विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार को जानकारी पर प्राचार्य भी इमरजेंसी पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के निर्देश दिए। पासवर्ड की जानकारी होने से फुटेज नहीं निकाले जा सके हैं। मैकेनिक को बुलाया गया है।
बताया गया है शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे इमरजेंसी कक्ष में डॉक्टर की मेज पर रखा आला व बीपी चेक करने वाली मशीन गायब हो गई। पहले तो शाम तक यही चलता रहा कि कोई कर्मचारी ले गया होगा, अभी दे जाएगा।
दूसरे दिन शनिवार को भी कोई पता नहीं चला तो, इमरजेंसी के स्टाफ नर्स कक्ष में चेक किया गया। फिर भी कोई पता नहीं चला। प्राचार्य डॉ. आर्य देश दीपक इमरजेंसी कक्ष पहुंचे। सीएमएस डॉ. जेके वर्मा का कहना है कि पासवर्ड न होने की वजह से अभी सीसीटीवी फुटेज नहीं मिले हैं।