सांडी। थाना क्षेत्र के ग्राम मितमितपुर में मंगलवार रात खाना बनाते समय लीकेज के कारण गैस सिलिंडर में आग लग गई। घटना में दो मासूम सगे भाइयों समेत चार लोग झुलस गए।
ग्राम मितमितपुर निवासी रामप्रताप कुशवाहा की पत्नी शिवरानी घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान लीकेज के कारण सिलिंडर में आग लग गई और कुछ ही देर में आग फैल गई। शिवरानी भागकर बाहर आई और शोर मचाया। आग बुझाने के दौरान पड़ोसी सत्यप्रकाश और रामप्रताप झुलस गए। इस दौरान घर में खेल रहे रामप्रताप के पुत्र हरेराम (6) और रामदुलारे (8) भी जख्मी हो गए। सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई। चारों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आग लगने से गृहस्थी का सामान जल गया। लेखपाल पीयूष अस्थाना ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।