पिहानी। गांव आने पर प्रेमिका की शादी हो जाने का पता चलने से आहत युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव कोतवाली क्षेत्र के पंडरवा किला में मंगलवार सुबह बाग में आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। मृतक के परिजन युवती के परिजनों पर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं।
पंडरवा किला निवासी अतुल (26) दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करते थे। पिता महेंद्र ने बताया कि अतुल सोमवार शाम ही दिल्ली से आए थे। मंगलवार सुबह शौच जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उनका शव गांव के बाहर स्थित एक बाग में रस्सी के फंदे से लटका देखा। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि अतुल का प्रेम प्रसंग घर के पास ही रहने वाली एक युवती से चल रहा था। अलग-अलग जाति के होने के कारण युवती के परिजनों ने अतुल के दिल्ली जाने पर उसकी शादी दूसरी जगह कर दी थी।
गांव आकर अतुल को प्रेमिका की शादी हो जाने की बात पता चला। इसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। पिता ने घटना को संदिग्ध बताते हुए युवती के परिजनों पर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।