फोटो -37- पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे मृतक ओमवीर के परिजन।संवाद
- फोटो : सांकेतिक
सांडी। थाना क्षेत्र के नया गांव में शुक्रवार की दोपहर को एक युवक ने नीम के पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बाग की तरफ गए ग्रामीणों ने युवक के शव को लटका देख परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
गांव निवासी नेत्रपाल खेती किसानी करते हैं। उनके दो बेटों में छोटा लड़का ओमवीर (21) उनके साथ खेतीबाड़ी का काम करता था। बडे़ बेटे राजू ने बताया कि ओमवीर बीते कई दिनों से बेलोरो गाड़ी खरीदने की जिद किए हुए था। उसकी इच्छा पूरी न होने पर वह मायूस था। उसे काफी समझाया भी गया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। पिता नेत्रपाल ने बताया कि शुक्रवार की सुबह भी वह जिद किए हुए था। उन लोगाें ने मना किया तो वह घर से सुबह 10 बजे बिना किसी को बताए निकल गया।
कुछ लोगों ने उसे गांव के पश्चिम दिशा में बाग की तरफ जाते देखा। दोपहर को गांव के कुछ लोगों ने उसका शव नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका देखा और सूचना दी। वह लोग मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक अविवाहित था, उसकी मौत से घर में मां और पिता का बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।