हरदोई। हरियावां थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बहेड़ा मोड़ के पास सामने से आए वाहन को बचाने में बाइक सवार नियंत्रण खो बैठा। बाइक समेत सामने से निकली नहर में जा गिरा। मशक्कत कर ग्रामीणोें ने उसे नहर से निकाला। मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हरियावां थाना क्षेत्र के बेहड़ा निवासी वेदपाल (30) खेती करते थे। भाई जियालाल ने बताया कि सोमवार शाम वेदपाल बाइक से मुरवा बाजार गए थे। देर शाम नहर पटरी के रास्ते बाइक से वापस गांव जा रहे थे। इस दौरान बहेड़ा मोड़ के पास सामने से कोई वाहन आ गया। उससे बचने के प्रयास में वेदपाल बाइक से नियंत्रण खो बैठे। बाइक समेत सामने से निकली नहर में जा गिरे।
मुरवा निवासी मूलचंद्र ने वेदपाल को नहर में गिरते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास मवेशी चरा रहे ग्रामीण मौके पर आ गए और नहर में छलांग लगा दी। अन्य लोगों ने परिजन को सूचना दी। लगभग पौन घंटे बाद ग्रामीणों ने वेदपाल को नहर से निकाला और सीएचसी ले गए। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी रंजना, एक पुत्र और एक पुत्री है। पुलिस ने मंगलवार को पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया। सीओ हरियावां अजीत सिंह ने बताया कि परिजन अगर कोई शिकायत देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।